मिर्जापुर। जनपद में एकल विद्यालयों के शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी में लगाए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शिक्षकों ने मांग की है कि जिन विद्यालयों में केवल एक ही शिक्षक तैनात है, उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों में न लगाया जाए, क्योंकि इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

शिक्षकों ने अपनी मांग के समर्थन में प्रयागराज जिले का उदाहरण दिया है, जहां बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि एकल विद्यालयों के अध्यापकों को जनगणना जैसे कार्यों में नहीं लगाया जाएगा, ताकि शिक्षण कार्य बाधित न हो।
शिक्षकों का कहना है कि मिर्जापुर में भी इसी प्रकार के निर्देश लागू किए जाने चाहिए, जिससे एकल विद्यालयों में पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके और बच्चों के शिक्षा के अधिकार की रक्षा हो सके।
इस मुद्दे को लेकर शिक्षकों में नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या निर्णय लेता है, क्योंकि मामला सीधे छात्रों की शिक्षा से जुड़ा हुआ है।














