मीरजापुर, 21 अप्रैल 2026 — जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व वसूली, कर एवं करेत्तर, मुख्य देय तथा राजस्व वादों के निस्तारण सहित आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण की बिंदुवार समीक्षा की।

बैठक में राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने न्यायालय में पर्याप्त समय देते हुए वादों के निस्तारण में तेजी लाएं, ताकि सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रगति सुनिश्चित हो सके।
कर एवं करेत्तर वसूली की समीक्षा के दौरान उन्होंने परिवहन, आबकारी, खनन, नगर पालिका तथा उद्योग विभाग की कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वसूली कार्य में तेजी लाकर जिन विभागों की रैंकिंग सीएम डैशबोर्ड पर ‘बी’ एवं ‘सी’ श्रेणी में है, उन्हें इस माह ‘ए’ श्रेणी में लाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने तहसीलवार एवं नायब तहसीलदारवार वसूली प्रगति की समीक्षा करते हुए माहवार कार्य योजना बनाकर लक्ष्य के अनुरूप वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर नहीं किया जा रहा है, जिससे जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से संपर्क स्थापित कर समयबद्ध एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने शासन स्तर पर समीक्षा में असंतोषजनक पाए गए प्रकरणों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। डिफाल्टर पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आईजीआरएस, संपूर्ण समाधान दिवस, मुख्यमंत्री संदर्भ सहित किसी भी माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों का समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। फर्जी अथवा भ्रामक आख्या पाए जाने पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) देवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, लालगंज महेंद्र सिंह, चुनार राजेश वर्मा, मड़िहान अनेग सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी संतोष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

















