मीरजापुर, 15 अप्रैल 2026 — विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में किया गया।

सर्वप्रथम उप कृषि निदेशक द्वारा गत किसान दिवस बैठक की आख्या से उपस्थित कृषकों को अवगत कराया गया।
तदुपरांत विकास खंड सदर के किसान श्री श्यामलाल मौर्य द्वारा अवगत कराया गया कि राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के सामने गड्ढा व गंदा नाला बहता है। पंचतला होटल से शेरनाथ मंदिर तक सड़क क्षतिग्रस्त है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं।
श्री दौलत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष, उ.प्र. कांग्रेस कमेटी द्वारा अवगत कराया गया कि चुनार तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव—नियामतपुर कला, दर्रा, बघेड़ा, बघेड़ी, शेरपुर, बहादुरपुर, हथेडा—में स्थित नालों पर अतिक्रमण हो जाने के कारण खरीफ में धान की फसल क्षतिग्रस्त हो गई है। यदि वर्षा से पूर्व इन गांवों के नालों की खुदाई नहीं कराई गई, तो आगामी वर्षा सीजन में भी फसल को नुकसान हो सकता है।
श्री ओमप्रकाश सिंह, तहसील उपाध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), लालगंज द्वारा गेहूं की खरीदारी सुचारु रूप से संचालित कराने हेतु सभी क्रय केंद्रों को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया।
श्रीमती उपासना सिंह, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत बबुरा रघुनाथ सिंह, विकास खंड हलिया द्वारा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन गौशाला का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का अनुरोध किया गया, जिससे मवेशियों को आश्रय मिल सके और छुट्टा पशुओं से फसलों की सुरक्षा हो सके।
श्री संतोष दूबे, विकास खंड लालगंज द्वारा बाणसागर खंड-5 द्वारा निर्मित नहर, जो अदवा बैराज से मेजा डैम को जोड़ती है और जिसकी लंबाई लगभग 10 किमी है, उसकी पटरी को जनहित में पक्की सड़क बनाए जाने का सुझाव दिया गया।

श्री धर्मदेव उपाध्याय, अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति), मीरजापुर द्वारा अवगत कराया गया कि विकास खंड पहाड़ी स्थित ददरी खुर्द पावर प्लांट (अडानी ग्रुप) द्वारा पुलिस प्रशासन की मदद से स्थानीय किसानों पर दबाव बनाकर उनकी पट्टे की जमीन का अधिग्रहण किया गया है, जिससे उनके जीविकोपार्जन का आधार प्रभावित हुआ है। साथ ही वन विभाग द्वारा हरे-भरे जंगलों की कटाई से पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है।
श्री अनिल कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन, मीरजापुर द्वारा तहसील चुनार में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना का अनुरोध किया गया।
श्री अरुण कुमार सिंह, युवा जिलाध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन, मीरजापुर द्वारा विगत 30 वर्षों से अधूरी पड़ी रामपुर कामता माइनर को पूर्ण कराने, कलवारी संपर्क मार्ग से निकले रामपुर कामता मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत तथा खेल मैदान के सुंदरीकरण एवं बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग की गई।

जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं तहसीलों से आए कृषकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषक हमारे अन्नदाता हैं, अतः सभी अधिकारी उनकी शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें।
किसान दिवस में विशाल कुमार (मुख्य विकास अधिकारी), विकेश कुमार (उप कृषि निदेशक), अधिशासी अभियंता (नहर प्रखंड, सिरसी बांध, सिंचाई खंड चुनार) सहित अन्य अधिकारी एवं कृषकगण उपस्थित रहे।
फेसबुक: Vijayant Bharat News | इंस्टाग्राम: @vijayantbharatnews

















